Tuesday, April 8, 2014

जनता भाजपा-कांग्रेस से छुटकारा चाहती है जनता - अखिलेश यादव

जनता भाजपा-कांग्रेस से छुटकारा चाहती है जनता - अखिलेश यादव धामपुर बिजनौर, 8 अप्रैल। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिन्दा बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में जो बातें कही गयी हैं उनसे देश का कोई भला नहीं होगा। भाजपा को पूंजीपतियों की पार्टी बताते हुए उन्होंने कहा कि उसके घोषणा पत्र में गरीबों, मजदूरों, किसानों के लिए कुछ भी नहीं है। कांग्रेस ने भी जनता के साथ खूब धोखाधड़ी की है। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस और भाजपा से तंग आ चुकी है और अब इनसे छुटाकारा पना चाहती है। लोकसभा चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। जिसमें समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका होगी। नगीना लोकसभा क्षेत्र से सपा उम्मीदवार यशवीर सिंह धोबी के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। इस चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा। देश के ज्यादातर राज्यों में तीसरे दलों को सफलता मिलने जा रही है। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, उड़ीसा, पंजाब में तीसरे दलों को सफलता मिलेगी। चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनना तय है। तीसरे मोर्चे में शामिल दलों में जो सबसे ज्यादा सीटें जीतेगा उसका नेता प्रधानमंत्री बनेगा। समाजवादी पार्टी ने अगर यूपी में सबसे ज्यादा सीटें जीत लीं तो नेताजी मुलायम सिंह यादव देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बातें बहुत बड़ी-बड़ी करती है लेकिन सच्चाई यह है कि उसके पास देश के विकास और लोगों के कल्याण के लिए न तो कोई योजना है और नही कोई कार्यक्रम है। भाजपा देश का माहौल बिगाड़ कर चुनाव जीतना चाहती है। अमित शाह का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि भाजपा के एक नेता ने अभी हाल ही में इसी जिले में भड़काऊ भाषण देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। चुनाव आयोग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा को समझ में आ चुका है कि चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता उसे नकारने जा रही है, इसीलिए उसने विकास की बातें छोड़कर साम्प्रदायिकता की राजनीति करनी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी भाजपा के मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं। इसीलिए हर पार्टी यूपी पर फोकस कर रही है। सभी पार्टियों की कोशिश है कि वे यूपी में ज्यादा से ज्यादा लोकसभा की सीटें जीतें। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि कोई कुछ भी कर ले, यहां किसी को सफलता नहीं मिलेगी। उत्तर प्रदेश में सपा के पक्ष में लहर है। सपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में सूबे के विकास के लिए बहुत काम किए हैं। सपा सरकार के कामकाज से जनता खुश है। लैपटॉप वितरण योजना, कन्या विद्य़ाधन योजना, समाजवादी स्वास्थ्य सेवा योजना, लड़कियों और महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ को रोकने के लिए शुरी की गई वुमेन पॉवर हेल्पलाइन से लोगों को लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र में सपा ने देश में संपूर्ण शिक्षा और सभी रोगों के मुफ्त इलाज का वादा किया है। सपा की कथनी और करनी में फर्क नहीं है। हमने जो कहा वो करके दिखाया। 2016 तक राज्य के सभी गांवों को 18 घंटे और शहरों को 22 से 24 घंटे तक बिजली मिलने लगेगी। गन्ना किसानों का बकाया भुगतान उन्हें जल्द से जल्द कर दिया जाएगा। कांग्रेस के गलत फैसले की वजह से देश के चीनी उद्योग पर संकट आया। देश में पर्याप्त मात्रा में चीनीहोने के बावजूद केंद्र सरकार ने विदेशों से चीनी का आयात किया। इसका नतीजा यह हुआ कि हमारे यहां की चीनी मिलों से चीनी की खरीददारी नहीं हुई। चीनी मिलों में चीनी का स्टॉक पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यीए सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से देश में महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सपा 17 पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पैसे और मीडिया के दम पर चुनाव लड़ रही है। शायद उसे नहीं पता कि चुनाव जनता के बीच लड़ा जाता है। भाजपा गुजरात मॉडल और कांग्रेस भारत निर्माण का प्रचार कर रही है। लेकिन इनसे देश का कोई भला नहीं होगा। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी अपने भाषणों के जरिए लोगों को झूठे सपने दिखा रहे हैं। झूठे सपने कभी पूरे नहीं होते हैं। सपा ही ऐसी पार्टी है जो गरीबों के आंसू पोछकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है। सपा सरकार ने एक लाख 72 हजार शिक्षा मित्रों को नौकरी दी है। सपा किसी के साथ कोई भेदभाव किए बिना सभी को साथ लेकर चलती है। हम समाज में मौजूद गैर बराबरी को खत्म करके विकास की राह में पिछड़े हुए लोगों को आगे लाना चाहते हैं। हमारी नीति और नीयत दोनों साफ हैं।जनादेश न्यूज़ नेटवर्क

No comments:

Post a Comment